Himalaya Ka Rahi

News Portal

खुशखबरी : बदरीनाथ हाईवे पर सुरंग तैयार

उत्तराखंड। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रुद्रप्रयाग में 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सुरंग और पुल का ट्रायल शुरू हो गया है। इस परियोजना के शुरू होने से शहर के मुख्य बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलने और केदारनाथ-बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत करीब 900.3 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही अलकनंदा नदी पर लगभग 200 मीटर लंबा पुल बनाया गया है। संपर्क मार्ग को मिलाकर इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 1.18 किलोमीटर है। यह मार्ग केदारनाथ और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। यात्रियों को मुख्य बाजार से गुजरने में समय लगता है। ऐसे में सुरंग और पुल के माध्यम से यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलने से शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण परियोजना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी निरीक्षण किया है। परियोजना के चालू होने से चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और रुद्रप्रयाग में जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।