सऊदी अरब में पिछले आठ वर्षों से फंसे उत्तरकाशी के गाजणा पट्टी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी की उम्मीद और मजबूत हुई है। उनकी बेटी दीपिका नौटियाल अपने पिता की सुरक्षित वतन वापसी के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की मुहिम चला रही हैं। उनकी अपील पर बड़ी संख्या में लोग आगे आए और परिवार को आर्थिक सहयोग भी दिया। इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए सऊदी अरब के कानूनों के अनुपालन में परिवार को दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि की जरूरत है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना बड़ी चुनौती बनी हुई है। परिवार की स्थिति को देखते हुए भाजपा नेता एवं मुख्यमंत्री के समन्वयक किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता की मांग की। उनकी पहल पर मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है। किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और समाज को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने लोगों से दीपिका नौटियाल की मुहिम से जुड़कर अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की।
एक बेटी के पिता की वतन वापसी को सरकार का सहारा










