Himalaya Ka Rahi

News Portal

निजी वाहनों में सवारियां ढोना पड़ेगा भारी, परिवहन विभाग ने सीज किए 23 वाहन

देहरादून चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले परिवहन विभाग ने कर चोरी करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के निर्देश पर जिले में चलाए गए दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग ने उन निजी (प्राइवेट) वाहनों को निशाना बनाया, जो अवैध रूप से सवारियां ढोकर व्यावसायिक संचालन कर रहे थे।

अभियान के दौरान प्रवर्तन टीमों ने 23 ऐसे निजी वाहनों को मौके पर निरुद्ध (सीज) किया, जो प्राइवेट नंबर होने के बावजूद कमर्शियल काम में लगे थे। इसके अलावा, देहरादून और ऋषिकेश परिक्षेत्र में कुल 38 वाहनों को निरुद्ध किया गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 295 वाहनों के चालान काटे गए। ऋषिकेश आईएसबीटी क्षेत्र में ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली 12 बसों व अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।