देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार को स्नान के दौरान पानी के तेज बहाव में बहने से दिल्ली निवासी एक पर्यटक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास नदी और बहाव वाले संभावित स्थानों पर गहन तलाश की। कई घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ जवानों ने सहस्त्रधारा झरने से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान नौथ राम (करीब 50 वर्ष), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। शव को बरामद करने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सहस्त्रधारा में पर्यटकों की भीड़ के बीच तेज बहाव में स्नान करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। पुलिस और एसडीआरएफ ने लोगों से नदी और झरनों में सावधानी बरतने की अपील की है।
सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान पर्यटक की डूबने से मौत, दो किमी दूर मिला शव











