Himalaya Ka Rahi

News Portal

कपाट खुलने के बाद से अब तक 11 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन, टूट रहे रिकॉर्ड

देहरादून, 31 मई। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष आस्था और भक्ति के नए कीर्तिमान रच रही है। बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से लेकर अब तक के बेहद कम समय में ही करीब 11 लाख श्रद्धालु बाबा के दर पर शीश नवाकर पुण्य कमा चुके हैं। भक्तों की यह रिकॉर्ड तोड़ संख्या केदारघाटी में एक नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर है।

देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के उत्साह के आगे मौसम और भौगोलिक चुनौतियां भी बौनी साबित हो रही हैं। दुर्गम पहाड़ियों और कठिन चढ़ाई के बावजूद बाबा के भक्तों के जोश में कोई कमी नहीं है। हजारों श्रद्धालु गौरीकुंड से केदारनाथ के पैदल मार्ग पर ‘जय केदार’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा बुजुर्ग और असमर्थ यात्रियों के लिए घोड़े-खच्चर, डंडी और कंडी का मुख्य सहारा है। वहीं, जो यात्री कम समय में पहुंचना चाहते हैं, उनके लिए हेली सेवाएं भी निरंतर संचालित हो रही हैं। प्रशासन के अनुसार, यात्रा की यही रफ्तार रही तो इस बार कुल यात्रियों का आंकड़ा पिछला सर्वकालिक रिकॉर्ड पार कर जाएगा।