देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा की। सीएम ने स्पष्ट किया कि दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा संचालन में व्यावसायिक दृष्टिकोण के बजाय मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
भ्रामक खबरों पर दर्ज होगी FIR मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि यात्रा को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, यात्रा मार्गों पर सामान की अधिक कीमतें (ओवररेटिंग) वसूलने वालों पर लगाम कसने के लिए हर दुकान पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
ग्रीन-क्लीन यात्रा और हाईटेक निगरानी इस बार ‘ग्रीन एवं क्लीन यात्रा’ मुहिम के तहत प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और जगह-जगह कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे। पूरी यात्रा की निगरानी CCTV और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित सिस्टम से होगी। भीड़ नियंत्रण के लिए स्लॉट सिस्टम और डिजिटल मॉनिटरिंग लागू की जाएगी।
हेली सेवाओं और स्वास्थ्य पर जोर सीएम ने हेली सेवाओं के लिए मेंटेनेंस और फिटनेस चेक को अनिवार्य बताते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की बात कही। यात्रा मार्गों पर अस्थायी अस्पताल, पर्याप्त मेडिकल यूनिट्स और स्वच्छ पेयजल के लिए CSR की मदद लेने के निर्देश दिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।













Leave a Reply