देहरादून। शहर में रैपिडो, ओला, ऊबर और बलाबला जैसे मोबाइल ऐप के माध्यम से निजी वाहनों (सफेद नंबर प्लेट) के अवैध व्यावसायिक संचालन के विरुद्ध संभागीय परिवहन कार्यालय ने बड़ा अभियान छेड़ा है । संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में 05 अप्रैल से 07 अप्रैल 2026 तक शहर के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया ।
स्टिंग ऑपरेशन कर पकड़ी गई चोरी अवैध संचालन की पुष्टि के लिए प्रवर्तन दलों ने स्वयं इन ऐप्स के माध्यम से बुकिंग की । जांच में पाया गया कि एग्रीगेटर कंपनियां नियमों के विरुद्ध निजी वाहनों को बुकिंग के लिए इस्तेमाल कर रही थीं, जिसके बाद 17 वाहनों को मौके पर ही बंद (सीज) कर दिया गया । अभियान के दौरान कुल 143 दुपहिया और 43 अन्य वाहनों की जांच की गई ।
इन मार्गों पर रही कड़ी निगरानी यह कार्रवाई चार अलग-अलग टीमों द्वारा राजपुर-मसूरी मार्ग, कैनाल मार्ग, सहस्रधारा मार्ग, हरिद्वार बाईपास, सहारनपुर मार्ग, शिमला बाईपास और चकराता रोड पर की गई । टीम में परिवहन कर अधिकारी श्वेता रौथाण, प्रज्ञा पन्त और उप निरीक्षक अरविन्द भरत व कुशाल बिष्ट शामिल रहे ।
लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति डॉ. अनीता चमोला ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में केवल व्यावसायिक (पीली नंबर प्लेट) वाहन ही ऐप पर पंजीकृत हो सकते हैं । नियमों के उल्लंघन पर संबंधित एग्रीगेटर कंपनियों के लाइसेंस के विरुद्ध कार्रवाई हेतु राज्य परिवहन प्राधिकरण को संस्तुति भेजी जा रही है । उन्होंने चेतावनी दी कि यह अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा














Leave a Reply