देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में खिलाड़ियों को एक बड़ी सौगात दी। सीएम धामी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से संवाद भी किया। इस नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए यहाँ सुसज्जित जिम, शानदार बैडमिंटन कोर्ट और अन्य आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है, जिससे सीख लेते हुए उत्तराखंड सरकार भी खेल नीति के जरिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी व नागरिक उपस्थित रहे।












