Himalaya Ka Rahi

News Portal

देहरादून में बुजुर्ग महिला को प्रताड़ित करने वाले पुत्र-बहू पर कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद, अतिक्रमण और आर्थिक सहायता जैसी कुल 191 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान जनसुनवाई में नालापानी चौक निवासी बुजुर्ग ने भावुक होकर अपनी पीड़ा सुनाई। उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद उनका छोटा बेटा और बहू उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, जबकि उनके पति ने उन्हें संपत्ति से बेदखल किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण एक्ट के तहत तत्काल वाद दायर कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने निजी भूमि सीमांकन और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को मौके पर जाकर रिपोर्ट पेश करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।