Himalaya Ka Rahi

News Portal

जय श्री केदार के जयघोष के साथ खुले बाबा केदारनाथ के कपाट, सीएम धामी बने दिव्य क्षण के साक्षी

केदारनाथ धाम। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार प्रातः 8 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरी केदारपुरी “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों और हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा ने उद्घाटन के क्षण को अलौकिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ का दिव्य पुनर्निर्माण हुआ है और इस वर्ष की यात्रा भी ऐतिहासिक होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से ‘अतिथि देवो भव:’ के भाव से स्वागत की अपील भी की।

51 क्विंटल फूलों से सजा मंदिर कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे से शुरू हुई। रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ठीक 8 बजे मंदिर के द्वार खोले गए। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। इस दौरान विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और एसपी नीहारिका तोमर सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।