देहरादून, 3 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशन में जिलेभर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आज पुलिस ने बसंत विहार और सेलाकुई क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों और फड़-फेरी वालों की सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस ने श्रीरामपुरम, विजय पार्क और कांवली गांव जैसे इलाकों में दबिश दी। किराएदारों का पुलिस सत्यापन न कराने पर 35 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान किए गए, जिनसे 3.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, संदिग्ध रूप से घूम रहे 12 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 3500 रुपये का दंड लगाया गया।
एसएसपी दून ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के दृष्टिगत यह सत्यापन अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर में रहने वाले किसी भी बाहरी व्यक्ति का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।












