देहरादून, 29 अप्रैल 2026।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण की सेक्टरवार टीमों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मेहुवाला माफी में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही 15 से 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
सीलिंग से मचा हड़कंप
ध्वस्तीकरण के साथ-साथ प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई भी की। जाखन जोहड़ी रोड पर मनीष कौशल के बहुमंजिला भवन और कुठाल गेट क्षेत्र में दिलशाद हुसैन व कुलदीप सलूजा द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को मौके पर सील कर दिया गया। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेश पर हुई इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जीरो टॉलरेंस की नीति
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए अवैध निर्माण पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी निर्माण से पूर्व मानचित्र अवश्य स्वीकृत कराएं और अवैध गतिविधियों की सूचना प्राधिकरण को दें।












