Himalaya Ka Rahi

News Portal

सीएम हेल्पलाइन की हकीकत जानने जाखन पहुंचे धामी, वीडियो कॉल पर ली क्लास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को फाइलों से बाहर निकलकर खुद जन शिकायतों की पड़ताल की। जाखन निवासी विवेक मदान ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी कि यूपीसीएल ने अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के लिए फुटपाथ खोद डाला, लेकिन उसे ठीक से भरा नहीं गया, जिससे टाइल्स धंस गईं।

शिकायत की गंभीरता देखते हुए मुख्यमंत्री खुद जाखन पहुंचे और शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौका मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल से ही संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉल कर मौके की बदहाल स्थिति दिखाई। सीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागों में तालमेल की कमी से जनता परेशान हो रही है और धन की बर्बादी हो रही है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि प्रदेश भर में इस तरह की समस्याओं को दूर करने के लिए अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आगामी दौरों पर वे इसी तरह अचानक निरीक्षण कर अधिकारियों की जवाबदेही तय करेंगे।