दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर बसों के विधिवत संचालन से पहले उत्तराखंड रोडवेज ने रूट सर्वे पूरा कर लिया है। ट्रायल के तौर पर भेजी गई एक वॉल्वो बस मात्र 2 घंटे 55 मिनट में देहरादून से दिल्ली पहुंच गई। इस सफल ट्रायल के बाद अब गुरुवार से एक्सप्रेस-वे पर बसों की सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
रोडवेज के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि रूट सर्वे के अनुसार देहरादून आईएसबीटी से दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी की कुल दूरी 215 किलोमीटर मापी गई है। इसी दूरी के आधार पर नया किराया ढांचा तैयार किया जा रहा है। संभावना है कि वॉल्वो बस का किराया 700 रुपये और साधारण बस का किराया 400 रुपये से कम हो जाएगा। गुरुवार को किराया ऑनलाइन अपडेट होते ही एक्सप्रेस-वे से 14 एसी और वॉल्वो बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
नॉन-स्टॉप चलेंगी बसें
अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे से चलने वाली बसें ‘नॉन-स्टॉप’ होंगी और इनके लिए 3 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। चूंकि एक्सप्रेस-वे पर बीच में रुकना संभव नहीं है, इसलिए अधिकांश साधारण बसें फिलहाल पुराने रूट (वाया रुड़की-मुजफ्फरनगर) से ही चलेंगी, ताकि बीच के स्टेशनों के यात्रियों को परेशानी न हो। एक्सप्रेस-वे का रूट मुख्य रूप से उन यात्रियों के लिए होगा जो बिना रुके सीधे दिल्ली या देहरादून पहुंचना चाहते हैं। बसों की समय-सारणी (टाइम-टेबल) भी तैयार कर ली है।












