देहरादून। दून पुलिस ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए रविवार तड़के एक विशेष अभियान शुरू किया। एसएसपी देहरादून के कड़े निर्देशों पर ‘गौरा पुलिस’ की टीमें शहर के विभिन्न पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहीं, ताकि सुबह की सैर पर निकलने वाले नागरिकों को सुरक्षित वातावरण का अहसास कराया जा सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और कामकाजी नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना था। पुलिस टीमों ने पार्कों में मॉर्निंग वॉक करने वालों और अपने कार्यस्थलों पर जाने वाली महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान टीम ने उनसे उनकी समस्याओं को जाना और पुलिस सहायता के लिए तत्पर रहने का विश्वास दिलाया। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों की सघन पूछताछ की गई।
एसएसपी के अनुसार, पूरे जनपद में दिन-रात लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। गौरा पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें अब नियमित रूप से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेंगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी असामाजिक गतिविधि के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दून पुलिस का यह प्रयास शहर में अपराध नियंत्रण और जनविश्वास बहाली की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।












Leave a Reply