देहरादून।राजधानी के आईएसबीटी स्थित द सिटी जंक्शन मॉल के माइक्रोसिनेप्लेक्स में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजेय’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई।
‘सवाल’ सामाजिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीति, समाजसेवा और कला जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। फिल्म के लेखक शांतनु गुप्ता ने स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘अजेय’ केवल एक जीवनी नहीं, बल्कि संकल्प, कुशल नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की एक प्रेरक यात्रा है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जागृत करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने कहा कि ऐसी फिल्में युवाओं और महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। वहीं, संस्कृति एवं कला परिषद की अध्यक्षा मधु भट्ट ने कहा कि मूल्यों पर आधारित ऐसी प्रस्तुतियां समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करती हैं। सूचना महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने फिल्म को संघर्ष से सफलता की एक जीवंत कहानी बताया। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष लक्ष्मी बिष्ट ‘मधु’, भावना डोभाल, स्वामी एस. चंद्र, जानकी नौटियाल, डॉ. स्वाति, ऋषभ रावत और राष्ट्रीय सेविका समिति की शारदा त्रिपाठी मौजूद रहे।
देहरादून में सीएम योगी के जीवन पर बनी फिल्म देखी












Leave a Reply