देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा गणेशपुर (सहारनपुर) में एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रस्तावित है, जिसके बाद उनके देहरादून आगमन को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
13 जोन में तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक के पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित किया है। हर जोन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था और लॉ एंड ऑर्डर का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। रूट पर हजारों की संख्या में आमजन के जुटने की संभावना को देखते हुए पेयजल, मोबाइल शौचालय और बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया है।
सांस्कृतिक दलों से दिखेगी लोक संस्कृति की झलक प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे मार्ग पर स्थानीय लोक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक दलों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, पार्किंग और जलपान की व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद की जा रही हैं। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, सीडीओ अभिनव शाह और संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।














Leave a Reply