– वांछित और ईनामी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित
– यातायात नियमों के उल्लंघन और बार-पबों की लेट नाइट चेकिंग पर विशेष जोर
देहरादून, 14 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ ‘ऑपरेशन प्रहार’ की सर्किलवार समीक्षा की। बैठक के दौरान एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में वांछित, ईनामी और पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही, बाहरी व्यक्तियों के नियमित सत्यापन और संदिग्धों की चेकिंग के लिए भी निर्देशित किया।
ट्रैफिक और हुल्लड़बाजों पर सख्ती यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना नंबर प्लेट के वाहन और अनाधिकृत रूप से हूटर या काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की भी सघन तलाशी के निर्देश दिए गए हैं।
नाइट लाइफ पर पुलिस की पैनी नजर शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि में बार, पब, होटल और ढाबों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया है। निर्धारित समय के बाद खुलने वाले प्रतिष्ठानों और नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध पुलिस अब सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।












