उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में हिमखंड के नीचे चलाया जा रहा खोज एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की संयुक्त टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच अभियान चलाकर कुल सात शव बरामद किए। छह नवंबर को अंतिम शवों को सुरक्षित नीचे लाने के साथ ही अभियान समाप्त हो गया।
हाड़ कंपाने वाली ठंड, भारी बर्फबारी और हिमखंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने दिन-रात जुटकर कार्य किया। राज्य आपदा प्रतिवादन बल की ओर से वीरेंद्र प्रसाद काला, राजेंद्रनाथ, रवि चौहान, राकेश राणा और आशीष बिष्ट शामिल रहे। वहीं नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की टीम में विनोद गुसाईं, शिवराज सिंह, रमन और अशोक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस जोखिम भरे अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली दोनों टीमों के साहस, समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना की जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले पर्वतारोहियों को श्रद्धांजलि दी गई और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।













