टिहरी गढ़वाल। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर पुल के समीप देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विधायक विनोद कंडारी को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में वह बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, विधायक विनोद कंडारी अपनी गाड़ी से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर कर रहे थे। इसी दौरान कीर्तिनगर पुल के समीप सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे एक वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में विधायक को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रॉन्ग साइड से वाहनों के संचालन के कारण हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।











