Himalaya Ka Rahi

News Portal

रसोई गैस के बाद अब प्रीमियम पेट्रोल भी हुआ महंगा

देहरादून। उपभोक्ताओं पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। घरेलू रसोई गैस के दामों में वृद्धि के बाद अब पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में भी इजाफा कर दिया है। देहरादून में प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 2 रुपये 14 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे प्रीमियम फ्यूल का उपयोग करने वाले वाहन स्वामियों की जेब पर बोझ बढ़ गया है।
पेट्रोलियम विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर जारी युद्ध और कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा इस मूल्य वृद्धि का मुख्य कारण है। देहरादून में लगभग 35 पेट्रोल पंप ऐसे हैं जहां प्रीमियम पेट्रोल की सुविधा उपलब्ध है और रोजाना करीब 12 हजार लीटर प्रीमियम पेट्रोल की खपत होती है। विशेष रूप से हाई-परफॉर्मेंस कारों और स्पोर्ट्स बाइक मालिकों के बीच इसकी मांग अधिक रहती है। प्रीमियम पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने वाहन स्वामियों की चिंता बढ़ा दी है। यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव कम नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में सामान्य पेट्रोल की कीमतों पर भी इसका असर दिख सकता है। फिलहाल, सामान्य पेट्रोल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जिससे मध्यम वर्ग को थोड़ी राहत मिली है।

बढ़ोतरी के बाद प्रीमियम पेट्रोल के दाम
बीपीसीएल (स्पीड): अब ₹102.36 (₹2.14 की वृद्धि)
एचपीसीएल (पॉवर): अब ₹102.36 (₹1.95 की वृद्धि)
आईओसीएल (एक्स्ट्रा प्रीमियम): अब ₹101.60 (₹1.95 की वृद्धि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *