देहरादून। जिले में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर जिला प्रशासन ने अब तक का सबसे कड़ा रुख अपना लिया है। डीएम सविन बंसल ने चेतावनी दी है कि छापेमारी में पकड़े गए अवैध सिलेंडरों की कड़ियों को जोड़कर संबंधित गैस एजेंसी को ट्रेस किया जाए और सीधे एजेंसी मालिक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।
गुरुवार को हुई बैठक में डीएम ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए गैस एजेंसियों पर 30 अधिकारियों की ‘क्विक रिस्पांस टीम’ तैनात कर दी है। ये अधिकारी प्रतिदिन स्टॉक, बैकलॉग और वितरण रजिस्टर की जांच कर रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे। सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी एजेंसी या गोदाम से सीधे सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल ओटीपी आधारित होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी। एजेंसियों पर उपभोक्ता जागरूकता के लिए बुकिंग नंबर और जरूरी जानकारी के बड़े-बड़े फ्लैक्सी बोर्ड लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बैठक में एडीएम केके मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित सभी एसडीएम और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि अब तक गैस कालाबाजारी के मामले में 05 मुकदमे दर्ज कर 03 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। प्रवर्तन की कार्यवाही के दौरान 150 घरेलू, 139 व्यावसायिक और 07 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए हैं। डीएम ने पुलिस अधीक्षक नगर को निर्देश दिए कि अवैध रीफिलिंग और कालाबाजारी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।
अवैध सिलेंडर को ट्रेस कर एजेंसी मालिक भेजें जेल : डीएम












Leave a Reply