Himalaya Ka Rahi

News Portal

ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं, खिड़कियों के रास्ते घुसे यात्री

होली पर घर जाने वालों की भारी भीड़ के चलते देहरादून रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अफरा-तफरी का माहौल रहा। लंबी दूरी की ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची और सीट हथियाने के लिए यात्रियों के बीच जमकर मारामारी हुई। सबसे बुरा हाल पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों का रहा, जहां भीड़ को काबू करने में आरपीएफ और जीआरपी के पसीने छूट गए। मुजफ्फरपुर जाने वाली राप्तीगंगा एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म पर लगी, यात्रियों का हुजूम उसकी ओर दौड़ पड़ा। कोच के दरवाजों पर पहले घुसने की होड़ में जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई। स्थिति यह थी कि कई यात्री दरवाजों के बजाय खिड़कियों के रास्ते अपना सामान फेंककर सीट कब्जाते नजर आए। चंद मिनटों के भीतर ही पूरी ट्रेन खचाखच भर गई।

वाराणसी जाने वाली जनता एक्सप्रेस भी पैक
भीड़ का दबाव केवल राप्तीगंगा तक सीमित नहीं रहा। शाम को वाराणसी जाने वाली जनता एक्सप्रेस में भी यात्रियों का रेला उमड़ पड़ा। दोपहर से ही स्टेशन परिसर यात्रियों से पैक हो गया था। स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि होली के कारण भीड़ का दबाव बढ़ा है। हालांकि आरक्षित और सामान्य कोचों में व्यवस्था बनाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था और सभी यात्रियों को सुरक्षित रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *