चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) इस बार रोडवेज अपनी नियमित बसों के साथ-साथ ‘टेंपो ट्रैवलर’ भी चलाएगा। निजी ऑपरेटरों की तर्ज पर इन टेंपो ट्रैवलर की बुकिंग की जा जाएगी।
वर्तमान में रोडवेज के बेड़े में शामिल 20 टेंपो ट्रैवलर स्थानीय और छोटे मैदानी रूटों पर संचालित किए जा रहे हैं। आगामी यात्रा सीजन के दौरान इन वाहनों को विशेष रूप से चारधाम रूट पर चलाने की तैयारी है। सरकारी दरों पर टेंपो ट्रैवलर उपलब्ध होने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि निजी टैक्सियों द्वारा वसूले जाने वाले मनमाने किराए पर भी लगाम लगेगी।
आय बढ़ने की उम्मीद
निगम प्रबंधन के अनुसार, चारधाम यात्रा में टेंपो ट्रैवलर उतारने से रोडवेज की आय में वृद्धि की उम्मीद है। निजी ट्रैवल एजेंटों की तरह घर बैठे बुकिंग और सुरक्षित सफर का भरोसा मिलने से यात्रियों का रुझान रोडवेज की ओर बढ़ेगा। जल्द ही इन वाहनों के किराए और रूट प्लान को अंतिम रूप देकर सार्वजनिक किया जाएगा।
पीक सीजन में मिलेगी बड़ी राहत
यात्रा के पीक सीजन में बसों और टैक्सियों के लिए मारामारी रहती है। ऐसी स्थिति में अक्सर कुमाऊं मंडल से भी बसें मंगानी पड़ती हैं। ऐसे में समय रहते रोडवेज के टेंपो ट्रैवलर का विकल्प यात्रियों के लिए बेहद सुविधायुक्त साबित होगा।
इस बार चारधाम यात्रा पर टेंपो ट्रैवलर चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त पूर्व की भांति 100 बसें यात्रा के लिए रिजर्व रखी जाएंगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
- क्रांति सिंह, महाप्रबंधक (संचालन), रोडवेज।






Leave a Reply