उत्तरकाशी। जनपद की उपला गाजणा पट्टी के कमद स्थित पौराणिक नालेश्वर महादेव मंदिर में भव्य जीर्णोद्धार के बाद कपाट उद्घाटन का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित भव्य मेला क्षेत्र की आस्था और समृद्ध संस्कृति का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न देव डोलियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को दिव्य बना दिया।
शिविर के माध्यम से हुआ समस्याओं का समाधान इस धार्मिक आयोजन को जनसेवा से जोड़ते हुए प्रशासन द्वारा “सरकार जन-जन के द्वार” शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। सुशासन के इस स्वरूप की स्थानीय जनता ने काफी सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर का जीर्णोद्धार होने से क्षेत्र के पर्यटन और धार्मिक महत्व को नई पहचान मिलेगी।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश आयोजन में उमड़े जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि सांस्कृतिक विरासत तभी जीवंत रहती है, जब समाज सेवा भाव से जुड़ा रहे। स्थानीय लोगों ने भगवान नालेश्वर महादेव से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने भक्ति संगीत और पारंपरिक नृत्य के बीच कपाट उद्घाटन के साक्षी बने।






Leave a Reply